हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच भारी बारिश, कुल्लू में नाले की बाढ़ से सड़क बंद
शिमला, 06 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 8 से 12 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। सोमवार सुबह करीब 10 बजे से शिमला और आसपास के इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम पहले की तुलना में ठंडा हो गया है। वहीं कुल्लू जिले में भारी बारिश के चलते पागल नाले में अचानक आई बाढ़ से लारजी-सैंज सड़क मार्ग कई घंटे तक बंद रहा। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 जुलाई को राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 8 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 9, 10 और 11 जुलाई को भी अलग-अलग इलाकों में भारी वर्षा का अनुमान है। 12 जुलाई को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नालों और नदी-किनारों से दूर रहने की सलाह दी है।
सोमवार सुबह कुल्लू जिले के लारजी-सैंज मार्ग पर स्थित पागल नाले में ऊंची पहाड़ियों में हुई तेज बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। इसके साथ भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया औऱ सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। करीब तीन घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहन फंसे रहे और यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इस बीच एनएचपीसी के पार्बती पावर स्टेशन-III प्रबंधन ने भी एहतियाती सूचना जारी की है। जलाशय में लगातार बढ़ते जलस्तर और भारी पानी की आवक की संभावना को देखते हुए सोमवार पूर्वान्ह 11:30 बजे बांध से लगभग 50 क्यूमेक अतिरिक्त पानी सैंज नदी में छोड़ा गया। ई-फ्लो को मिलाकर नदी में कुल जल प्रवाह करीब 52 क्यूमेक रहने की संभावना जताई गई है। प्रबंधन ने कहा है कि यदि जलाशय में पानी की आवक और बढ़ती है तो अतिरिक्त पानी भी छोड़ा जा सकता है। इससे सैंज नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। लोगों, पर्यटकों और श्रमिकों से नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे संचालकों और टैक्सी चालकों से भी पर्यटकों को सतर्क करने को कहा गया है। लोगों को आगाह करने के लिए हूटर और सायरन बजाने के साथ सार्वजनिक घोषणा वाहन भी तैनात किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 97.0 मिलीमीटर वर्षा मंडी जिले के जोगिंदरनगर में हुई। इसके अलावा कांगड़ा में 74.8 मिलीमीटर, पालमपुर में 35.4 मिलीमीटर, ऊना जिले के भरवाईं में 34.0 मिलीमीटर, शिमला जिले के सराहन में 32.5 मिलीमीटर, रोहड़ू में 30.0 मिलीमीटर तथा नारकंडा एडब्ल्यूएस में 13.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

