home page

हिमाचल में अगले पांच दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, 12-13 मई को सबसे ज्यादा खराब रहेगा मौसम

 | 
हिमाचल में अगले पांच दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, 12-13 मई को सबसे ज्यादा खराब रहेगा मौसम


शिमला, 10 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। 12 और 13 मई को मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की संभावना जताई गई है। इन दो दिनों के लिए कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हैं और मौसम ठंडा बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम सर्दी जैसा एहसास हो रहा है, जबकि मैदानी और निचले क्षेत्रों में भी इस बार उमस महसूस नहीं हो रही। मई महीने में अब तक कई बार बारिश हो चुकी है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार 11 मई को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 12 और 13 मई को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। इन दिनों प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तेज बारिश, बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कुछ जगह ओलावृष्टि होने का अनुमान है। 14 मई को भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। 15 मई को कुछ क्षेत्रों में फिर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 16 मई को केवल अलग-अलग स्थानों पर हल्की गतिविधियां हो सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक ऊंचाई वाले जनजातीय और पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला में 14 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 19.6, भुंतर में 17.1, कल्पा में 9, धर्मशाला में 10.7, ऊना में 20, नाहन में 16.1, केलांग में 5.4, पालमपुर में 17.5, सोलन में 15, मनाली में 10.9, कांगड़ा में 22.7, मंडी और बिलासपुर में 20.5, चंबा में 17.7, डलहौजी में 14.6, जुब्बड़हट्टी में 17.2, कुफरी में 10.7, कुकुमसेरी में 6.8, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 22, सराहन में 11.1 और ताबो में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में यात्रा करते समय सतर्क रहने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा