home page

ऊना में 10,608 किसानों ने अपनाई प्राकृतिक खेती, 80.79 लाख रुपये सीधे खातों में पहुंचे

 | 
ऊना में 10,608 किसानों ने अपनाई प्राकृतिक खेती, 80.79 लाख रुपये सीधे खातों में पहुंचे


शिमला, 24 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पिछले दो वर्षों में 10,608 किसानों ने 1,460.84 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती अपनाई है। कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने सोमवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक राकेश कालिया के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।

कृषि मंत्री ने बताया कि जिले के 211 किसानों से 1,257.93 क्विंटल विभिन्न प्राकृतिक उत्पाद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदे गए हैं। इसके बदले 80.79 लाख रुपये सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले से प्राप्त विभिन्न प्राकृतिक फसल उत्पादों को हिमाचल सरकार ने प्रसंस्करण के बाद अन्य उपभोक्ताओं को बेचा। इससे 12.75 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई।

चंद्र कुमार ने बताया कि प्राकृतिक उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए हमीरपुर में 8.57 करोड़ रुपये की लागत से लैब स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी कार्यशालाएं आयोजित कर किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में जागरूक कर रहे हैं।

इससे पहले विधायक राकेश कालिया ने अनुपूरक सवाल के माध्यम से पूछा कि प्राकृतिक खेती योजना को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से क्या किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा