home page

लारजी में आपदा से 54 पेयजल और सिंचाई योजनाएं क्षतिग्रस्त, 23.51 करोड़ का नुकसान

 | 
लारजी में आपदा से 54 पेयजल और सिंचाई योजनाएं क्षतिग्रस्त, 23.51 करोड़ का नुकसान


शिमला, 25 अगस्त (हि.स.)। प्राकृतिक आपदा के कारण जलशक्ति मंडल लारजी के तहत वर्ष 2023 और 2025 में कुल 54 उठाऊ पेयजल और सिंचाई योजनाएं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुईं। इन योजनाओं को हुए नुकसान का अनुमान 2350.97 लाख रुपये लगाया गया है।

बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के आपदा से जलशक्ति मंडल लारजी में क्षतिग्रस्त योजनाओं से संबंधित सवाल के लिखित जवाब में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में प्राकृतिक आपदा के दौरान जलशक्ति मंडल लारजी के तहत 23 उठाऊ पेयजल योजनाएं और 14 उठाऊ सिंचाई योजनाएं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई थीं। वर्ष 2025 में 17 उठाऊ पेयजल योजनाएं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुईं। इस दौरान कोई भी उठाऊ सिंचाई योजना क्षतिग्रस्त नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि इन क्षतिग्रस्त योजनाओं की मरम्मत, पुनर्बहाली और पुनर्निर्माण के लिए 718.67 लाख रुपये की धनराशि मंजूर कर जारी की गई है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में जलशक्ति मंडल लारजी में कोई नई उठाऊ पेयजल योजना और सिंचाई योजना मंजूर नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में पांच उठाऊ पेयजल योजनाओं का काम प्रगति पर है। इन योजनाओं पर 4259.58 लाख रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा