home page

शिलाई में 25 पेड़ों की थी अनुमति, 307 चीड़ के पेड़ काटे गए

 | 

शिमला, 27 मार्च (हि.स.)। सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र में चीड़ के पेड़ों की कटाई का मामला उठने पर सरकार ने बताया कि अनुमति से कहीं ज्यादा पेड़ काटे जाने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच जारी है।

प्रश्नकाल के दौरान शुक्रवार को पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने सरकार से पूछा कि नगर पंचायत शिलाई में 300 से ज्यादा चीड़ के पेड़ काटे जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या इन पेड़ों को काटने के लिए वन विभाग से अनुमति ली गई थी और अगर अनुमति से ज्यादा पेड़ काटे गए हैं तो सरकार ने क्या कार्रवाई की है।

इस सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि नगर पंचायत शिलाई के तहत रंजीत सिंह नेगी ने अपनी निजी भूमि से कुल 307 चीड़ के पेड़ काटे हैं। जबकि वन मंडल अधिकारी, रेणुका जी वन मंडल की ओर से सिर्फ 25 पेड़ काटने की अनुमति दी गई थी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुमति से ज्यादा पेड़ काटे जाने को गंभीर मामला मानते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वन विभाग इस पूरे मामले की जांच कर रहा है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा