home page

हिमाचल में स्वास्थ्य कर्मियों के 3476 पद खाली

 | 
हिमाचल में स्वास्थ्य कर्मियों के 3476 पद खाली


शिमला, 30 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में पुरुष और महिला स्वास्थ्य कर्मियों के कुल 3476 पद खाली हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने विधायक विनोद कुमार के सवाल के लिखित जवाब में विधानसभा में दी।

सरकार के अनुसार इनमें 1920 पद पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों के और 1556 पद महिला स्वास्थ्य कर्मियों के रिक्त हैं। मंत्री ने बताया कि फिलहाल इन पदों को भरने का मामला सरकार के विचाराधीन नहीं है। हालांकि विभाग में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और रोगी मित्रों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों के पदों पर आखिरी बार वर्ष 2019 में 80 पदों के लिए भर्ती हुई थी। इसके बाद वर्ष 2022 में 3 पद और वर्ष 2023 में 1 पद के लिए भर्ती की गई थी।

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक में 937 पद खाली, भर्ती पर विचार जारी

प्रदेश के कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक में विभिन्न श्रेणियों के कुल 937 पद रिक्त हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने विधायक सुधीर शर्मा के सवाल के लिखित जवाब में विधानसभा में दी।

सरकार ने बताया कि 31 जनवरी 2026 तक बैंक में 937 पद खाली हैं और इन्हें भरने का मामला विचाराधीन है। इन पदों को बैंक अपनी आवश्यकता के अनुसार पंजीयक सहकारी सभाएं की पूर्व अनुमति के बाद बैंक के सेवा नियमों के तहत निदेशक मंडल द्वारा तय एजेंसी के माध्यम से भरेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा