किराये के भवनों से सरकारी दफ्तर होंगे शिफ्ट, कुनिहार नगर पंचायत में भरे जाएंगे रिक्त पद
शिमला, 28 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शनिवार को प्रश्नकाल में सरकारी कार्यालयों को किराये के भवनों से अपने भवनों में स्थानांतरित करने, नगर पंचायत कुनिहार में रिक्त पद भरने और स्वास्थ्य संस्थानों के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार ने जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने सदन में जवाब दिए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक प्रकाश राणा के सवाल के जवाब में कहा कि निजी भवनों में किराये पर चल रहे सरकारी कार्यालयों को चरणबद्ध तरीके से खाली पड़े सरकारी भवनों में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई सरकारी भवन खाली पड़े हैं और सरकार इन्हें उपयोग में लाने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) को निर्देश दिए जाएंगे कि सभी खाली सरकारी भवन अपने अधीन लें और इसके बाद संबंधित जिलों के उपायुक्त इन भवनों में निजी भवनों में चल रहे कार्यालयों को स्थानांतरित करें।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जोगिंद्रनगर क्षेत्र में 12 विभागों के 37 सरकारी कार्यालय इस समय निजी भवनों में चल रहे हैं। सरकार इस मामले का संज्ञान लेकर उपलब्ध सरकारी भवनों में इन कार्यालयों को शिफ्ट करेगी।
वहीं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विधायक संजय अवस्थी के सवाल के जवाब में बताया कि नगर पंचायत कुनिहार में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है और इन्हें जल्द भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत कुनिहार में विभिन्न श्रेणियों के पांच पद सृजित किए गए हैं। फिलहाल कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए नगर पंचायत कुनिहार के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार कंडाघाट नगर पंचायत के सचिव को दिया गया है, जबकि कनिष्ठ अभियंता और लिपिक का अतिरिक्त कार्यभार नगर पंचायत अर्की के कनिष्ठ अभियंता और लिपिक को सौंपा गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने विधायक बलवीर सिंह वर्मा के सवाल के जवाब में बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलघार के भवन निर्माण के लिए 11.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 1.4 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए एफसीए की स्वीकृति भी मिल चुकी है और लोक निर्माण विभाग के चीफ आर्किटेक्ट से भवन की ड्राइंग तैयार करवाई जा रही है। इसके बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने विधायक विवेक शर्मा के एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि सीएचसी थानाकलां को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है और यहां सभी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक अस्पताल बंगाणा को दूसरे चरण में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की योजना के तहत पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित करने को प्राथमिकता दी जा रही है और इसके बाद दूसरे चरण में अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

