home page

हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, 90 घंटे चली कार्यवाही, 9 विधेयक पारित

 | 
हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, 90 घंटे चली कार्यवाही, 9 विधेयक पारित


शिमला, 02 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। इस सत्र में 9 विधेयक पारित हुए। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सत्र समाप्ति के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि चौदहवीं विधानसभा का 11वां सत्र अपेक्षा के अनुरूप संपन्न हुआ और इसकी कुल कार्यवाही लगभग 90 घंटे तक चली। इस सत्र की उत्पादकता 103 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसे उन्होंने सकारात्मक संकेत बताया।

उन्होंने बताया कि यह सत्र दो चरणों में आयोजित किया गया। पहला चरण 16 से 18 फरवरी तक चला, जबकि दूसरा चरण 18 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित हुआ। सत्र की शुरुआत 16 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से हुई। पूरे सत्र के दौरान कुल 16 बैठकें आयोजित की गईं।

सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय भगत राम चौहान को सदन में श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सदन में कुल 617 प्रश्नों के उत्तर सरकार की ओर से दिए गए, जिनमें 471 तारांकित और 146 अतारांकित प्रश्न शामिल थे। इसके अलावा नियम 61 के तहत 4, नियम 62 के तहत 2, नियम 67 के तहत 1, नियम 101 के तहत 1, नियम 130 के तहत 1 और नियम 324 के तहत 1 विषय पर चर्चा हुई। शून्यकाल के दौरान भी 94 विषयों पर सदन में चर्चा की गई।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 16 फरवरी को राजस्व सहायता अनुदान से संबंधित एक सरकारी संकल्प भी सदन में प्रस्तुत किया गया। 31 मार्च को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस रखा गया था। सत्र के दौरान सरकार के 9 विधेयक सदन में पेश किए गए और चर्चा के बाद उन्हें पारित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न समितियों के 60 प्रतिवेदन भी सदन में प्रस्तुत किए गए।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस सत्र के दौरान प्रदेश के सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के 649 विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही को देखा। इसे उन्होंने युवाओं की लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति बढ़ती रुचि का संकेत बताया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका प्रयास रहा कि पूरे सत्र की कार्यवाही सौहार्दपूर्ण वातावरण में चले। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उपमुख्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्री, सभी मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों का सहयोग के लिए धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने मीडिया की भूमिका की भी सराहना की, जिसने विधानसभा की कार्यवाही को प्रदेश के लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा