गर्मी से राहत पाने हिमाचल पहुंचे सैलानी, शिमला-मनाली में बढ़ी भीड़, पुलिस की एडवाइजरी
शिमला, 23 मई (हि.स.)। देश के मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी पर्यटन स्थलों में इस वीकेंड पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में सबसे ज्यादा रौनक देखने को मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में लोग हिमाचल का रुख कर रहे हैं। शिमला, मनाली, कुफरी, कसौली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर होटल लगभग भरने लगे हैं।
शिमला में शनिवार सुबह से ही पर्यटकों का जमावड़ा देखने को मिला। शहर के माल रोड, रिज मैदान, लक्कड़ बाजार और कुफरी में दिनभर काफी चहल-पहल रही। शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस वीकेंड पर शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 85 फीसदी तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों के लिए भी एडवांस बुकिंग लगातार मिल रही है। उनका कहना है कि मौसम सुहावना होने और मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने से पर्यटक बड़ी संख्या में शिमला पहुंच रहे हैं।
शिमला और मनाली में शुक्रवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम और भी खुशनुमा हो गया है। दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जिससे सैलानियों को गर्मी से राहत मिल रही है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शिमला पुलिस के मुताबिक कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर शिमला के प्रवेश द्वार शोघी बैरियर से शहर में आने वाले वाहनों की संख्या में इस वीकेंड काफी बढ़ोतरी हुई है। हाईवे पर शहर के आसपास कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। शहर के अधिकतर पार्किंग स्थल दोपहर तक भर गए।
भीड़ को देखते हुए शिमला पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए यात्रा परामर्श भी जारी किया है। पुलिस ने खासकर जाखू मंदिर जाने वाले लोगों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। चंडीगढ़ की ओर से आने वाले पर्यटकों को टुटीकंडी बाइफरकेशन, आईएसबीटी, खलीनी, टॉलैंड, छोटा शिमला और नवबहार होकर जाखू जाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से रोपवे, एचआरटीसी टैक्सी और पैदल मार्ग का अधिक इस्तेमाल करने को भी कहा है जिससे शहर में ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।
उधर, मनाली में भी पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंच रही है। मनाली से रोहतांग दर्रे और अटल टनल की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिनमें सड़क पर गाड़ियों की लंबी लाइनें दिखाई दे रही हैं। मनाली के होटलों और गेस्ट हाउसों में भी पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर रेल और बस सेवाओं पर भी दिख रहा है। कालका से शिमला आने वाली टॉय ट्रेनें इन दिनों पूरी तरह पैक होकर चल रही हैं और अगले करीब एक हफ्ते तक इनमें वेटिंग चल रही है। इसी तरह दिल्ली से शिमला आने वाली एचआरटीसी की वॉल्वो लग्जरी बसों में भी सीटें फुल चल रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

