home page

हिमाचल में पर्यटन बढ़ा, पिछले साल 1.44 करोड़ सैलानी पहुंचे, शिमला बना पहली पसंद

 | 
हिमाचल में पर्यटन बढ़ा, पिछले साल 1.44 करोड़ सैलानी पहुंचे, शिमला बना पहली पसंद


शिमला, 06 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले साल पर्यटन गतिविधियों में बड़ा उछाल देखने को मिला और राजधानी शिमला पर्यटकों की पहली पसंद बनकर सामने आई। राज्य सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान हिमाचल प्रदेश में कुल 1.44 करोड़ देशी और 84 हज़ार विदेशी पर्यटक पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा 28.74 लाख घरेलू सैलानी अकेले शिमला जिले में आए।

आर्थिक सर्वेक्षण में बताया गया है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंचे, जबकि 84 हजार 828 विदेशी सैलानियों ने भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इससे साफ संकेत मिलता है कि हिमाचल की लोकप्रियता देश के साथ-साथ विदेशों में भी लगातार बढ़ रही है।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार घरेलू पर्यटकों की संख्या के मामले में शिमला पहले स्थान पर रहा। इसके बाद कुल्लू में 27.42 लाख और सोलन में 23.95 लाख सैलानी पहुंचे। मंडी में 13.55 लाख, सिरमौर में 11.52 लाख, बिलासपुर में 10.27 लाख और चंबा में 8.31 लाख घरेलू पर्यटकों ने भ्रमण किया। इसके अलावा किन्नौर में 3.89 लाख, लाहौल-स्पीति में 4.88 लाख, उना में 4.81 लाख और हमीरपुर में 2.96 लाख पर्यटक पहुंचे।

विदेशी पर्यटकों की बात करें तो कांगड़ा जिला उनकी पहली पसंद रहा, जहां सबसे ज्यादा 29 हजार 755 विदेशी सैलानी पहुंचे। इसके बाद शिमला जिले में 26 हजार 887 विदेशी पर्यटक आए। कुल्लू में 10 हजार 587, लाहौल-स्पीति में 7 हजार 458 और किन्नौर में 4 हजार 845 विदेशी सैलानियों की आमद दर्ज की गई। सोलन में 3 हजार 113, मंडी में करीब 789, सिरमौर में 472, ऊना में 34 और हमीरपुर में 11 विदेशी पर्यटक पहुंचे, जबकि बिलासपुर जिले में कोई विदेशी पर्यटक दर्ज नहीं किया गया।

प्राकृतिक पर्यटन के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान प्रदेश के पांच प्रमुख शक्तिपीठों और बड़े मंदिरों में कुल 1.66 करोड़ श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें सबसे ज्यादा 74.23 लाख श्रद्धालु ऊना जिले के श्री चिंतपूर्णी शक्तिपीठ पहुंचे। इसके बाद हमीरपुर जिले के बाबा बालक नाथ मंदिर में 63.50 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कांगड़ा जिले के श्री ज्वालाजी मंदिर में 16.70 लाख और श्री बृजेश्वरी मंदिर में 7.01 लाख श्रद्धालु पहुंचे।

रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना महामारी के बाद हिमाचल में पर्यटन गतिविधियों में तेजी से सुधार हुआ है। वर्ष 2020 में जहां प्रदेश में कुल 32.13 लाख पर्यटक आए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 3.11 करोड़ तक पहुंच गई। इसमें 1.44 करोड़ सामान्य पर्यटक और 1.66 करोड़ धार्मिक स्थलों पर पहुंचे श्रद्धालु शामिल हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ प्रदेश में होटल और गेस्ट हाउस की संख्या भी बढ़ी है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार पूरे हिमाचल में 5163 होटल और गेस्ट हाउस दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 1628 होटल और गेस्ट हाउस कुल्लू जिले में हैं। कांगड़ा जिले में 974 और शिमला जिले में 651 होटल और गेस्ट हाउस हैं। इसके अलावा सोलन में 460, चंबा और मंडी में 335-335, किन्नौर में 187, सिरमौर में 146, उना में 142, लाहौल-स्पीति में 141, बिलासपुर में 112 और हमीरपुर में 82 होटल और गेस्ट हाउस दर्ज किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा