हिमाचल में मई में बर्फबारी, कई जगह बरसे बादल, 10 मई से फिर बिगड़ेगा मौसम
शिमला, 05 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम लगातार करवट बदल रहा है और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मई के महीने में भी बर्फ़बारी का नज़ारा देखने को मिल रहा है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ वर्षा दर्ज की गई। राजधानी शिमला में दिन के समय बादल बरसे, जिससे मौसम सुहावना लेकिन ठंडा बना रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में बादलों की घनी मौजूदगी के बीच जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के गोंदला क्षेत्र में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई, जिससे प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी का असर भी देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में यानी 6 मई को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 6 और 7 मई को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 8 और 9 मई को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 10 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 10 और 11 मई को पूरे प्रदेश में फिर से मौसम खराब रहेगा। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में वर्षा, मध्य पर्वतीय इलाकों में वर्षा और तेज हवाएं तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों में धर्मशाला में 30.6 मिमी, कांगड़ा में 29.4 मिमी, गूलेर में 21.4 मिमी, चौपाल में 18 मिमी, शिलारू में 15.8 मिमी, सराहन में 15.5 मिमी, पालमपुर में 15.4 मिमी और मंडी में 13.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जोगिंद्रनगर में 9 मिमी, कल्पा में 7.2 मिमी, सांगला में 6.4 मिमी और बरठीं में 5.2 मिमी बारिश हुई।
बारिश-बर्फबारी से राज्य का औसतन अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है, जिससे पहाड़ी इलाकों में मौसम सर्द बना हुआ है तथा निचले व मैदानी इलाकों में गर्मी का असर नहीं है।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 15 डिग्री, भुंतर में 11.1 डिग्री, कल्पा में 2.6 डिग्री (सबसे कम), धर्मशाला में 17 डिग्री, ऊना में 17.5 डिग्री, नाहन में 14.6 डिग्री, केलांग में 4.4 डिग्री, पालमपुर में 12.5 डिग्री, सोलन में 11.4 डिग्री, मनाली में 6.6 डिग्री, कांगड़ा में 14.6 डिग्री, मंडी में 15.4 डिग्री, बिलासपुर में 18 डिग्री, चंबा में 16.2 डिग्री, जुब्बरहट्टी में 13 डिग्री, कुफरी में 8.3 डिग्री, कुकुमसेरी में 2.9 डिग्री, सेओबाग में 8.8 डिग्री, बरठीं में 17 डिग्री, पांवटा साहिब में 21 डिग्री (सबसे अधिक) और सराहन में 9.5 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

