home page

हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर बर्फबारी, शिमला में ओलावृष्टि से सेब को नुकसान

 | 
हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर बर्फबारी, शिमला में ओलावृष्टि से सेब को नुकसान


शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के कड़े तेवर जारी हैं। राज्य के कई इलाकों में बीती रात रुक-रुक कर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे ठंड एक बार फिर तेज हो गई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

जानकारी के अनुसार लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पूरी रात रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। वहीं शिमला में देर रात बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। गुरुवार सुबह राजधानी शिमला सहित कई निचले और मध्यवर्ती क्षेत्रों में बादल छाए रहे, जिससे ठंड का असर बना हुआ है।

ओलावृष्टि का सबसे अधिक असर शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में देखा गया है, जहां सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है। इससे बागवानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस समय फसल संवेदनशील अवस्था में है।

उधर, चौपाल और रोहडू क्षेत्रों सहित कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बुधवार को हुई ताजा बर्फबारी के कारण कई संपर्क सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। प्रशासन द्वारा मार्ग बहाली का काम जारी है, हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में आवाजाही प्रभावित बनी हुई है।

मौसम के इन बदले तेवरों के कारण प्रदेश में अप्रैल के महीने में भी कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल तक मध्यवर्ती और पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में इस दौरान बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 अप्रैल से प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा