home page

हिमाचल में बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, ऊंचाई वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर रोक

 | 
हिमाचल में बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, ऊंचाई वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर रोक


शिमला, 13 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर हो रही ताज़ा बर्फबारी से पूरे राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। शुक्रवार को राज्य के जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर सहित कुल्लू जिला की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग पास और मढ़ी में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।

वहीं, लाहौल-स्पीति के निचले इलाकों में बारिश हो रही है। इसके अलावा चंबा और धर्मशाला में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की जा रही है। राजधानी शिमला और मनाली में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और खराब मौसम के चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

कुल्लू जिला प्रशासन ने सैलानियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए गुलाबा से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। कुल्लू पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान जिला की ऊंचाई वाले क्षेत्रों की तरफ न जाएं, जिससे किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में अभी मौसम के तेवर कड़े बने रहेंगे। केंद्र ने आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि कल 14 और 15 नवम्बर को भी राज्य के उच्च पर्वतीय व मध्यवर्ती इलाकों में मौसम खराब बना रहेगा। हालांकि, इसके बाद 16 से 19 नवम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश भी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में केलांग में 3.0 मिलीमीटर, कुकुमसेरी में 2.4 मिलीमीटर और सराहन में 1.0 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा सुंदरनगर, धर्मशाला, पालमपुर और कांगड़ा में बूंदाबांदी दर्ज की गई है।

ताज़ा बर्फबारी और बारिश के कारण जनजातीय क्षेत्रों में पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। राज्य के प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान की बात करें तो लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में सबसे कम -2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा ताबो में 2.7 डिग्री, कल्पा में 5.3 डिग्री, कुफरी में 7.9 डिग्री, मनाली में 9.6 डिग्री, सोलन में 10.0 डिग्री, बिलासपुर में 10.5 डिग्री, बजौरा में 11.1 डिग्री, भुंतर में 11.4 डिग्री, शिमला में 11.5 डिग्री, ऊना में 11.5 डिग्री, नाहन में 11.6 डिग्री, धर्मशाला में 11.8 डिग्री, सुंदरनगर में 12.2 डिग्री, पालमपुर में 12.5 डिग्री, बरठीं में 12.5 डिग्री, मंडी में 13.2 डिग्री, चंबा में 13.7 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.4 डिग्री, कांगड़ा में 15.0 डिग्री, सराहन में 15.8 डिग्री, नेरी में 16.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 19.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा