home page

एचपीशिवा के जोल क्लस्टर के बागवानों को बांटे अमरूद के 2300 पौधे

 | 
एचपीशिवा के जोल क्लस्टर के बागवानों को बांटे अमरूद के 2300 पौधे


हमीरपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के निचले क्षेत्रों में फल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग द्वारा संचालित की जा रही एचपीशिवा परियोजना के लाभार्थी बागवानों को फलदार पौधे वितरित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में भोरंज उपमंडल के जोल क्लस्टर के बागवानों को रविवार को ताइवान पिंक अमरूद के लगभग 2300 पौधों का वितरण किया गया।

उद्यान विभाग के एसएमएस डॉ अमित कुमार ने बताया कि जोल क्लस्टर में लगभग 6 हेक्टेयर क्षेत्रफल में अमरूद का बागीचा विकसित किया जा रहा है। किसानों को सिंचाई की समुचित सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस क्लस्टर में मेन डिलीवरी टैंक, मॉड्यूलर टैंक एवं पंप हाउस का निर्माण किया गया है, जिससे पौधों की सिंचाई सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री के साथ-साथ वैज्ञानिक विधि से पौधरोपण एवं पौधों की देखभाल संबंधी आवश्यक तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई।

डॉ अमित कुमार ने बताया कि शेष पौधों का वितरण आगामी सप्ताह में किया जाएगा, ताकि सभी पात्र बागवान समयबद्ध रूप से पौधरोपण कर सकें तथा एचपीशिवा परियोजना के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला