home page

अनुभाग अधिकारी के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में बदलाव का सचिवालय महासंघ ने किया विरोध

 | 

शिमला, 21 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं महासंघ की बैठक शुक्रवार को महासंघ के अध्यक्ष राजिन्द्र सिंह (मियां) की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सचिवालय में अनुभाग अधिकारी पद के लिए लागू भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में प्रस्तावित संशोधनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। महासंघ ने इन नियमों में किसी भी प्रकार के बदलाव का कड़ा विरोध जताया।

बैठक में महासंघ के प्रधान सचिव विजेन्द्र सिंह, मुख्य सलाहकार गीता देवी, सलाहकार ज्योति चौहान एवं तुलसी राम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महिन्द्र शर्मा, संदीप कुमार सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

महासंघ ने कहा कि अनुभाग अधिकारी पद के प्रचलित भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है। महासंघ पहले ही इस संबंध में हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर नियमों में किसी भी प्रकार का संशोधन न करने की मांग कर चुका है। इसके अलावा मुख्यमंत्री को भी इस मामले से अवगत करवाया गया है।

महासंघ पदाधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि अनुभाग अधिकारी के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

बैठक में महासंघ ने स्पष्ट निर्णय लिया कि यदि अनुभाग अधिकारी के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में किसी भी प्रकार का बदलाव किया जाता है तो महासंघ इसका पुरजोर विरोध करेगा। साथ ही महासंघ ने कहा कि ऐसी स्थिति में आगामी रणनीति तय करने के लिए वह मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी सचिवालय प्रशासन की होगी।

महासंघ ने सरकार से आग्रह किया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनुभाग अधिकारी के मौजूदा भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में किसी प्रकार का संशोधन न किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला