स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश
शिमला, 15 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 17 अगस्त (सोमवार) को अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय स्वतंत्रता दिवस समारोहों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखते हुए लिया गया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश ने शनिवार को आदेश जारी किए हैं।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 17 अगस्त को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। यह अवकाश स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल, उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के मद्देनजर घोषित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह अवकाश स्वतंत्रता दिवस समारोहों में योगदान के सम्मान स्वरूप दिया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश सरकार की मंजूरी के बाद घोषित किया गया है। आदेश पूरे राज्य के सरकारी स्कूलों पर लागू होगा। इससे प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और शिक्षकों को सोमवार को अवकाश मिलेगा।
निदेशालय ने सभी उपनिदेशकों (माध्यमिक, प्रारंभिक और गुणवत्ता शिक्षा) तथा सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कॉम्प्लेक्स के प्रधानाचार्यों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन निर्देशों को पूरी तरह लागू करवाएं।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को पूरे हिमाचल प्रदेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राज्य भर के स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इसी भागीदारी को देखते हुए सरकार ने 17 अगस्त को सरकारी स्कूलों में विशेष अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

