रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आगाज, राज्यपाल ने किया शुभारम्भ
शिमला, 11 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की करीब 400 साल पुरानी व्यापारिक और सांस्कृतिक परंपरा एक बार फिर रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के रूप में जीवंत हो उठी। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को रामपुर में ऐतिहासिक लवी मेले का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत की यात्रा गांवों से शुरू होनी चाहिए। समृद्ध गांव, सशक्त किसान, हुनरमंद कारीगर और आत्मनिर्भर युवा ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं है, इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश का विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह सकता। इसकी मजबूत नींव गांवों में रखनी होगी। किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने, कारीगरों के हुनर को बाजार उपलब्ध करवाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और मुद्रा योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। राज्यपाल ने मेले में आने वाले लोगों से कम से कम एक स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय सामान की खरीद से कारीगरों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक मदद मिलती है और उनके परिवारों की आजीविका मजबूत होती है।
करीब 400 वर्ष पुराने लवी मेले को हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन केवल व्यापार तक सीमित नहीं है। सदियों से यह मेला व्यापारिक संबंधों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी विश्वास का केंद्र रहा है। यह प्रदेश की पुरानी परंपराओं, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को भी आगे बढ़ाता है। उन्होंने किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक और शिक्षा अपनाने के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का भी आग्रह किया।
राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिमाचल का प्राकृतिक वातावरण संवेदनशील है। इसकी सुरक्षा के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। इस अवसर पर उन्होंने रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को श्रद्धांजलि दी और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने लवी मेले की परंपरा को बनाए रखने के लिए आयोजन समिति और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को मेले के इतिहास से परिचित करवाने के लिए पहली बार स्कूली बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसमें बच्चों को अपने परिवार और बुजुर्गों से मेले के इतिहास तथा परंपराओं की जानकारी जुटाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति ने स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, बागवानों और लघु उद्योगों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए मंच उपलब्ध करवाया है। सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है और प्रदेश के सभी जिलों की सांस्कृतिक विविधता दिखाने का प्रयास किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

