home page

हिमाचल में 14 नवंबर तक खराब रहेगा मौसम, 12-13 को बारिश और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट

 | 
हिमाचल में 14 नवंबर तक खराब रहेगा मौसम, 12-13 को बारिश और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट


शिमला, 08 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में दिवाली के बाद मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है, वहीं उच्चपर्वतीय इलाकों में बर्फ गिरेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 9 से 14 नवंबर तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अंधड़ चलने और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को खराब मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में तापमान के लुढ़कने की संभावना है।

कुकुमसेरी में पारा माइनस 1.1 डिग्री, शिमला से ठंडे रहे सोलन और सुंदरनगर

प्रदेश में रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 0.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसके बावजूद यह सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ताबो में 0.1 और केलांग में 0.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 4.0, मनाली में 5.5, सेओबाग में 6.3, बजौरा में 6.5 और भुंतर में 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सोलन में 7.4, कुफरी और बरठीं में 8.5-8.5, पालमपुर में 9.0, सुंदरनगर में 9.1 और शिमला में 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इस तरह सोलन और सुंदरनगर में राजधानी शिमला से कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में चंबा में 9.8, मंडी में 10.0, धर्मशाला में 10.2, जुब्बड़हट्टी में 10.9, कांगड़ा में 11.4, बिलासपुर और भरमौर में 12.0-12.0, देहरा गोपीपुर में 13.0, नाहन में 13.2, ऊना में 13.3, नेरी में 15.2, सराहन में 16.3 और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

दिवाली पर साफ रहा मौसम, अगले दिनों में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में मौसम बदलने के पूर्वानुमान के बीच रविवार को दिवाली के अवसर पर प्रदेश भर में मौसम साफ बना हुआ है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली सहित अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। पिछले कई दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस कारण दिन के समय धूप से लोगों को राहत मिल रही है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 और 13 नवंबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में दिवाली के बाद प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा