home page

हिमाचल में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, शिमला की रातें मैदानों जैसी गर्म

 | 
हिमाचल में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, शिमला की रातें मैदानों जैसी गर्म


शिमला, 28 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज से 30 मई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। नौतपा के दौरान पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वीरवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप है, जबकि कई पर्वतीय व ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए हैं और मौसम खराब बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान ऊना और बिलासपुर में लू चली। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में पारा 41.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार इन दोनों जिलों में सामान्य से काफी अधिक तापमान दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वेस्टर्न डिस्टरवेन्स के एक्टिव होने की वजह से आज 28 मई को ऊना, बिलासपुर और सोलन में लू के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हमीरपुर में येलो अलर्ट रहेगा।

29 मई को भी मौसम खराब बना रहेगा। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और सोलन में तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है।

30 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 31 मई से 3 जून तक मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल बने रह सकते हैं।

इस बीच शिमला की रातों ने भी लोगों को चौंकाया है। बीती रात शिमला का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। खास बात यह है कि शिमला का रात का तापमान मंडी और बिलासपुर के बराबर रहा। इससे साफ है कि राजधानी शिमला की रातें भी अब मैदानी इलाकों जैसी गर्म हो गई हैं।

राज्य में न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा 26.3 डिग्री हमीरपुर जिला के नेरी में दर्ज किया गया। इसके बाद पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 23 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 22.8 डिग्री, कांगड़ा में 21.5 डिग्री, ऊना में 21.4 डिग्री, धर्मशाला और नाहन में 20.8 डिग्री, पालमपुर में 20.5 डिग्री, शिमला और मंडी में 20 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी में 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा