home page

15 अक्टूबर से किसानों को मिलेंगे रबी फसलों के बीज, गेहूं 40 से 42 और मटर 70 से 80 रुपये किलो

 | 

शिमला, 09 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रबी सीजन की तैयारियों के बीच कृषि विभाग 15 अक्टूबर से किसानों को गेहूं, मटर, चना, जौ, सरसों, मसूर और विभिन्न सब्जियों के बीज उपलब्ध करवाएगा। विभाग ने बीजों की दरें निर्धारित कर दी हैं और इस संबंध में सभी उपनिदेशकों को निर्देश जारी किए हैं। गेहूं का प्रमाणित बीज 40 से 42 रुपये प्रति किलो और मटर का बीज 70 से 80 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध होगा। मटर की पीबी-89 और हिम पालम जैसी उन्नत किस्मों के बीज किसानों को बाजार के मुकाबले कम कीमत पर मिलेंगे।

कृषि विभाग के अनुसार मटर की उन्नत किस्मों के निजी बीज बाजार में 200 से 300 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं। विभाग के माध्यम से ये बीज 70 से 80 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे किसानों को कम खर्च में बेहतर किस्मों के बीज खरीदने का अवसर मिलेगा। विभाग ने गेहूं की बिजाई के लिए 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक का समय उपयुक्त बताया है। किसानों को इस अवधि के दौरान खेत तैयार कर समय पर बिजाई करने की सलाह दी गई है।

गेहूं और अन्य फसलों के बीजों की दरें तय

कृषि निदेशालय की ओर से निर्धारित दरों के अनुसार, गेहूं का प्रमाणित बीज 3,940 रुपये प्रति क्विंटल और आधार बीज 4,325 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा। चने के बीज की कीमत 9,540 रुपये, मटर की पीबी-10 और हिम पालम किस्मों की कीमत 7,000 रुपये, सरसों के बीज की कीमत 10,600 रुपये, मसूर के बीज की कीमत 12,500 रुपये और जौ के बीज की कीमत 3,850 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। बीजों को विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने का किराया और ढुलाई खर्च अलग से देना होगा।

सब्जियों के बीजों की कीमतें भी निर्धारित

कृषि विभाग ने रबी सीजन में उगाई जाने वाली सब्जियों के बीजों के दाम भी तय किए हैं। इसके तहत मूली का बीज 425 रुपये, शलगम 485 रुपये, पालक 150 रुपये, फ्रेंच बीन 330 रुपये, पत्तागोभी 1,370 रुपये, धनिया 310 रुपये, प्याज 940 रुपये, गाजर 1,100 रुपये, चुकंदर 1,050 रुपये और मेथी का बीज 190 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा। फूलगोभी के बीज की कीमत 4,500 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है।

रबी सीजन में पशुओं के चारे के लिए बरसीम और जई के बीज भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। विभाग के अनुसार, गेहूं का बीज पहुंच चुका है और कुछ क्षेत्रों में मटर का बीज भी उपलब्ध हो गया है। अन्य फसलों और सब्जियों के बीजों की आपूर्ति पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

समय पर बिजाई से किसानों को मिल सकता है लाभ

कृषि विभाग शिमला के उपनिदेशक मोहिंदर सिंह भवानी ने बताया कि विभाग के पास कुछ बीज पहुंच चुके हैं और अन्य बीजों की आपूर्ति जारी है। ये बीज 15 अक्टूबर से कृषि विक्रय केंद्रों पर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज बाजार के मुकाबले कम कीमत पर मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा