home page

हिमाचल में प्री मानसून की वर्षा, 18 और 19 जून के लिए येलो अलर्ट

 | 
हिमाचल में प्री मानसून की वर्षा, 18 और 19 जून के लिए येलो अलर्ट


शिमला, 15 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं और इसका असर मौसम में साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। राजधानी शिमला में दोपहर बाद बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि ऊपरी शिमला के कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने आगामी 21 जून तक प्रदेश में वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही 18 और 19 जून के लिए कई जिलों में आंधी, बिजली गिरने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 18 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। 19 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में भी इसी तरह के मौसम की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि 20 से 25 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून हिमाचल प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। खदराला में 5 मिलीमीटर, मनाली में 2 मिलीमीटर और कुकुमसेरी में 1.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी हुई। बारिश के कारण दिन के तापमान में कमी आई है, जबकि अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान के अनुसार केलांग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कुकुमसेरी में 6.1, कल्पा में 8.6, मनाली में 10.5, तबो में 11.3, कुफरी में 11.9 और सियोबाग में 12.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। शिमला में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, भुंतर में 15.2, मंडी में 16, सोलन में 16.4, धर्मशाला में 16.8 और पालमपुर में 17 डिग्री सेल्सियस रहा। डलहौजी में 17.1, सराहन में 17.5, जुब्बड़हट्टी में 17.8, ऊना में 18, चंबा में 18.2, सुंदरनगर में 18.5 और नाहन में 18.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 19, बरठीं में 19.6, कांगड़ा में 20.1, नेरी में 22.8 तथा पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 24-24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा