home page

दिवाली पर हिमाचल पुलिस की इमरजेंसी सेवा ने बनाया रिकॉर्ड, एक दिन में मिलीं 586 आपातकालीन कॉल

 | 
दिवाली पर हिमाचल पुलिस की इमरजेंसी सेवा ने बनाया रिकॉर्ड, एक दिन में मिलीं 586 आपातकालीन कॉल


शिमला, 09 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में दिवाली के दिन आग लगने और अन्य आपातकालीन घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 को काफी व्यस्त रहना पड़ा। इस दौरान प्रदेश में एक ही दिन में कुल 586 आपातकालीन घटनाओं की सूचना इस सेवा के माध्यम से मिली। हिमाचल में ERSS-112 सेवा शुरू होने के बाद एक दिन में दर्ज की गई घटनाओं की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इनमें आग लगने से जुड़ी 187 घटनाएं शामिल रहीं। दिवाली के दौरान आपातकालीन सेवाओं पर बढ़े दबाव के बावजूद पुलिस ने औसतन 3 मिनट 37 सेकंड में घटनास्थल पर प्रतिक्रिया दर्ज की।

हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता के अनुसार आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ERSS-112) ने दिवाली के दिन प्रदेशभर से मिली इन सूचनाओं पर कार्रवाई की। आग लगने की घटनाओं के अलावा अन्य तरह की आपात स्थितियों से जुड़ी कॉल भी पुलिस को मिलीं। इतनी बड़ी संख्या में सूचनाएं मिलने के बावजूद औसत प्रतिक्रिया समय बनाए रखने में कॉल लेने वाले कर्मचारियों, डिस्पैचर्स, पर्यवेक्षकों और मौके पर तैनात आपातकालीन प्रतिक्रिया इकाइयों की अहम भूमिका रही। पुलिस मुख्यालय ने इस प्रदर्शन को आपसी तालमेल, तकनीकी व्यवस्था और लगातार निगरानी का परिणाम बताया है।

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने ERSS-112 की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के लोग परिवारों के साथ दिवाली मना रहे थे, उस समय पुलिस और आपातकालीन सेवा से जुड़े कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहकर लोगों की मदद कर रहे थे। एक दिन में रिकॉर्ड 586 आपातकालीन घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए औसतन 3 मिनट 37 सेकंड का प्रतिक्रिया समय बनाए रखना कर्मचारियों की मेहनत, पेशेवर कार्यशैली और टीमवर्क को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवा को बेहतर बनाने के लिए निगरानी, जवाबदेही, तकनीक के इस्तेमाल और कामकाज की नियमित समीक्षा पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि किसी भी आपातकालीन सेवा की सफलता केवल इस बात से नहीं मापी जा सकती कि उसे कितनी कॉल मिलीं, बल्कि यह भी जरूरी है कि जरूरत के समय लोगों तक कितनी जल्दी और प्रभावी ढंग से मदद पहुंचती है। हिमाचल पुलिस ने ERSS-112 को और अधिक भरोसेमंद तथा लोगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। यह सेवा साल के 365 दिन, सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा