home page

तृतीय भारत आरक्षित वाहिनीपंडोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती कोचिंग कैंप का शुभारंभ

 | 
तृतीय भारत आरक्षित वाहिनीपंडोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती कोचिंग कैंप का शुभारंभ


मंडी, 02 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के पंडोह स्थित तृतीय भारत आरक्षित वाहिनी मैदान में हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती कोचिंग कैंप विधिवत शुभारंभ हो गया। तृतीय वहिनी पंडोह में कार्यरत कमांडेंट डा. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय शिमला के निर्देशानुसार यह कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि इस कोचिंग कैंप में कुल 717 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 475 पुरुष तथा 242 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

कैंप के दौरान अनुभवी पुलिस अधिकारी एवं प्रशिक्षक अभ्यर्थियों को दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद सहित अन्य शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देंगे। इसके साथ ही लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा पुलिस सेवा में चयनित होकर प्रदेश एवं राष्ट्र की सेवा कर सकें।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया तथा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की। तृतीय भारत आरक्षित वाहिनी, पंडोह द्वारा आयोजित यह कोचिंग कैंप युवाओं को हिमाचल प्रदेश पुलिस में सेवा के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें प्रतिस्पर्धी वातावरण में बेहतर तैयारी का अवसर प्रदान करेगा। वाहिनी द्वारा भविष्य में भी युवाओं के हित में इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा