home page

हिमाचल में पंचायती राज चुनावों के लिए दूसरे दिन 25,671 नामांकन दाखिल

 | 
हिमाचल में पंचायती राज चुनावों के लिए दूसरे दिन 25,671 नामांकन दाखिल


शिमला, 08 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन उम्मीदवारों में भारी उत्साह देखने को मिला। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश भर में कुल 25,671 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें सबसे ज्यादा 5,989 नामांकन जिला कांगड़ा में प्राप्त हुए, जबकि सबसे कम 209 नामांकन लाहौल-स्पीति जिले में भरे गए।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में 1,281, चंबा में 2,581, हमीरपुर में 1,548, किन्नौर में 423, कुल्लू में 1,504, मंडी में 4,180, शिमला में 2,675, सिरमौर में 1,797, सोलन में 1,543 और ऊना में 1,941 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इससे पहले नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन यानी 7 मई को प्रदेश भर में कुल 16,891 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे।

राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए 29 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी की थी। तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है और अब 11 मई 2026 को भी उम्मीदवार नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।

आयोग के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 12 मई 2026 को संबंधित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सुबह 10 बजे के बाद की जाएगी। इसके बाद 15 मई 2026 को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

प्रदेश में मतदान तीन चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण का मतदान 26 मई, दूसरे चरण का 28 मई और तीसरे चरण का मतदान 30 मई 2026 को होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से कराया जाएगा।

उधर, नगर परिषद रोहड़ू और नगर पंचायत नारकंडा में नामांकन पत्रों की जांच भी पूरी कर ली गई है। आयोग के मुताबिक नगर परिषद रोहड़ू में 22 और नगर पंचायत नारकंडा में 16 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। जांच के दौरान किसी भी नामांकन पत्र को अस्वीकृत नहीं किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा