नितिन नबीन भाजपा का युवा और ऊर्जावान चेहरा : सिकंदर कुमार
शिमला, 21 जनवरी (हि.स.)। राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के रूप में भाजपा को एक युवा, ऊर्जावान और संगठन से जुड़े नेतृत्व का अवसर मिला है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने बुधवार को कहा कि नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा देश की ऐसी पार्टी है जहां किसी परिवार विशेष से होना बड़े पदों तक पहुंचने की शर्त नहीं है बल्कि साधारण कार्यकर्ता होना ही सबसे बड़ी योग्यता मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि इसी संगठन में सामान्य परिवार का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है और एक आम कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच सकता है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भाजपा ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है और यह भरोसा संगठन की संरचना, निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व निर्माण में साफ दिखाई देता है। उनका कहना था कि नितिन नबीन का युवा नेतृत्व, उनकी संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव पार्टी को आने वाले समय में और अधिक मजबूत बनाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा और देशभर में अपनी पकड़ को और सशक्त करेगा।
डॉ. सिकंदर कुमार ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को भी उनके सफल और ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा संगठन का व्यापक विस्तार हुआ और पार्टी कई राज्यों में सरकारें बनाने में सफल रही। डॉ. सिकंदर ने कहा कि यह नड्डा जी की दूरदर्शिता और संगठनात्मक कुशलता का परिणाम है। उनके कार्यकाल में भाजपा ने संगठनात्मक रूप से नई ऊंचाइयों को छुआ और सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण के संकल्प को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके योगदान के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगी और उनका अभिनंदन करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

