home page

हिमाचल के 56.36 लाख मतदाता चुनेंगे चार सांसद : मनीष गर्ग

 | 
हिमाचल के 56.36 लाख मतदाता चुनेंगे चार सांसद : मनीष गर्ग
हिमाचल के 56.36 लाख मतदाता चुनेंगे चार सांसद : मनीष गर्ग


शिमला, 16 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों पर एक जून को 56 लाख 36 हजार 432 मतदाता सांसद चुनने के लिए वोट डालेंगे। यह आंकड़ा पांच जनवरी 2024 तक मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक का है। इनमें 28 लाख 15 हजार 45 पुरूष मतदाता और 27 लाख 57 हजार 660 महिला मतदाता तथा और 35 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। 85 वर्ष से अधिक मतदाताओं की तादाद 60995 है। ये मतदाता एक फार्म भरकर घर बैठे मतदान करने की सुविधा ले सकेंगे। 18 से 19 वर्ष की आयु के एक लाख 38 हजार 918 मतदाता लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करेंगे, जो कि कुल मतदाताओं का अढ़ाई फीसदी है। वहीं 20 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 10 लाख 40 हजार 756 है, जो कुल मतदाताओं का 19 फीसदी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन दाखिल होने तक मतदाता सूची में नए नाम शामिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की चार लोकसभा सीटों के साथ ही छह विधानसभा सीटों धर्मशाला, कुटलैहड़, बड़सर, सुजानपुर, गगरेट और लाहौल-स्पीति पर उपचुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए 7990 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह मतदान केंद्र पिछले लोकसभा चुनाव से 267 अधिक हैं। प्रदेश में विश्व के सबसे उंचे मतदान केंद्र पर भी मतदान होगा। लाहौल-स्पीति जिला में 15 हज़ार 256 फीट की उंचाई पर टशीगंग मतदान केंद्र स्थापित किया जाएगा जो विश्व का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र है। इसके अलावा चंबा के एहल्मी और भटियात के चक्की मतदान केंद्र का सफर 13 किलो मीटर की पैदल यात्रा के बाद तय करना होग। वहीं फतेहपुर के सतकुटेड़ा में नाव से पहुंचना पड़ता है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में 50 हजार कर्मचारी हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि लोकसभा उम्मीदवार के लिए खर्च करने की अधिकतम सीमा 95 लाख रहेगी। जबकि विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवार के लिए यह सीमा 60 लाख निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की छह रिक्त विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव पहली जून को होगा। इसके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी और अतिरिक्त पोलिंग अधिकारी तैनात रहेगा।

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव करवाना चुनाव आयोग का ध्येय है। मतदाता आचार संहिता की उलंघाना से संबंधित शिकायते 1950 टॉल फ्री नम्बर से दे सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ उज्जवल/सुनील