home page

हिमाचल की साक्षरता दर 99.30 प्रतिशत, शिक्षा पर 9666 करोड़ का बजट : रोहित ठाकुर

 | 
हिमाचल की साक्षरता दर 99.30 प्रतिशत, शिक्षा पर 9666 करोड़ का बजट : रोहित ठाकुर


शिमला, 29 मार्च (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश ने आज़ादी के बाद शिक्षा के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1947 में जहां प्रदेश की साक्षरता दर केवल 7 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 99.30 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने इसे पहाड़ी राज्य के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि कठिन वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता दी है और इसके लिए करीब 9666 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जो कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत है।

शिक्षा मंत्री रविवार को ठियोग विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोग में नव-निर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तकालय को विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को समर्पित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक पुस्तकालय का निर्माण शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील भी की।

इस कार्यक्रम में ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्र को चार सीबीएसई स्कूल दिए जाने के लिए शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।

रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में कुल 151 स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ा गया है, जिनमें ठियोग, कुमारसैन, मतियाना और सैंज के स्कूल शामिल हैं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोग में कॉमर्स विषय शुरू करने की भी घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में 11वीं और 12वीं कक्षाओं में बागवानी को व्यावसायिक विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को रोजगार से जुड़े कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी भी दी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि 27 मार्च 2026 को 66 केवी प्रगतिनगर–हुल्ली डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के दोनों सर्किट सफलतापूर्वक शुरू कर दिए गए हैं, जिन पर 12 करोड़ 33 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इस परियोजना से हुल्ली (कोटखाई), सैंज (ठियोग) और लस्ताधार (चौपाल) उपकेंद्रों को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलनी शुरू हो गई है। इससे बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और स्थिरता में सुधार होगा और भविष्य की बढ़ती मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।

इसके बाद शिक्षा मंत्री कोटखाई पहुंचे, जहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग के छह स्टाफ क्वार्टर टाइप-II के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और दंत चिकित्सा की नई मशीनें स्थापित की गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद संस्थान की ओपीडी में करीब डेढ़ गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा