हिमाचल कैडर के वरिष्ठ आईएएस राघव शर्मा बने उपराष्ट्रपति के निजी सचिव
शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में उपायुक्त से लेकर विभागीय निदेशक तक कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके आईएएस अधिकारी राघव शर्मा अब देश के उपराष्ट्रपति के सचिवालय में सेवाएं देंगे। हिमाचल कैडर के 2013 बैच के अधिकारी राघव शर्मा को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह उपराष्ट्रपति सचिवालय में उप सचिव स्तर पर काम करेंगे।
उनका प्रशासनिक अनुभव भी काफी व्यापक रहा है। वह मंडी में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) और ऊना में उपायुक्त (डीसी) के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह कांगड़ा में भी अतिरिक्त उपायुक्त रहे हैं। वर्तमान में वह प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक और विशेष सचिव (राजस्व) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश की प्रति हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को भेजी गई है। नियुक्ति के अनुसार राघव शर्मा पदभार संभालने की तारीख से पांच वर्ष तक इस पद पर रहेंगे।
हालांकि, उनकी नियुक्ति उपराष्ट्रपति के कार्यकाल से भी जुड़ी रहेगी। वह पांच वर्ष की अवधि पूरी होने से पहले भी इस पद से मुक्त हो सकते हैं। उपराष्ट्रपति का कार्यकाल समाप्त होने, निजी सचिव के रूप में उनकी जिम्मेदारी खत्म होने या केंद्र सरकार की ओर से नया आदेश जारी होने की स्थिति में उनकी नियुक्ति समाप्त हो जाएगी। इनमें से जो स्थिति पहले बनेगी, वही प्रभावी होगी।
भारत सरकार के उप सचिव अजीत कुमार रंजन की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने मंजूरी दी है। राघव शर्मा अब उपराष्ट्रपति सचिवालय में देश के संवैधानिक पद पर आसीन उपराष्ट्रपति के साथ काम करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

