home page

हिमाचल हाईकोर्ट में सात अधिकारियों को पदोन्नति, नई जिम्मेदारियों के साथ बढ़े पे लेवल

 | 
हिमाचल हाईकोर्ट में सात अधिकारियों को पदोन्नति, नई जिम्मेदारियों के साथ बढ़े पे लेवल


शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में प्रशासनिक स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं। अदालत ने एक अधिसूचना जारी कर सात अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। ये सभी नियुक्तियां 1 मई 2026 से लागू होंगी। इस बदलाव के साथ न सिर्फ पद बदले हैं, बल्कि अधिकारियों के वेतनमान यानी पे लेवल में भी बढ़ोतरी हुई है।

अधिसूचना के मुताबिक अतिरिक्त रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत राजेश कुमार शर्मा अब रजिस्ट्रार के तौर पर काम करेंगे। उन्हें पे लेवल-27 (1,22,800 से 2,09,100 रुपये) के साथ 5000 रुपये सचिवालय भत्ता मिलेगा। इसी तरह डिप्टी रजिस्ट्रार बीर सिंह को अतिरिक्त रजिस्ट्रार बनाया गया है, जिनका वेतन पे लेवल-26 (1,15,000 से 2,07,900 रुपये) तय किया गया है।

हाईकोर्ट प्रशासन में मिड-लेवल पर भी बदलाव हुआ है। सहायक रजिस्ट्रार सीमा शर्मा को डिप्टी रजिस्ट्रार बनाया गया है और उन्हें पे लेवल-23 (83,600 से 2,03,100 रुपये) मिलेगा। वहीं प्राइवेट सेक्रेटरी वीना शर्मा को कोर्ट सेक्रेटरी बनाया गया है। इस पद के साथ उन्हें पे लेवल-21 (67,400 से 2,01,200 रुपये), 5000 रुपये सचिवालय भत्ता और 2400 रुपये विशेष भत्ता दिया जाएगा।

दिलचस्प बात यह है कि लाइब्रेरी और सपोर्ट स्टाफ से जुड़े पदों में भी बदलाव किया गया है। चीफ लाइब्रेरियन हेमलता शर्मा को सहायक रजिस्ट्रार बनाया गया है, जबकि लाइब्रेरियन सीमा सूद को पदोन्नत कर चीफ लाइब्रेरियन बनाया गया है। इसके अलावा जजमेंट राइटर विनोद वर्मा को प्राइवेट सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें पे लेवल-16 (48,700 से 1,54,300 रुपये) के साथ भत्ते भी मिलेंगे।

हालांकि इन सभी पदोन्नतियों के साथ एक शर्त भी जुड़ी है। हाईकोर्ट ने साफ किया है कि ये नियुक्तियां दो लंबित मामलों हेमंत शर्मा बनाम हाईकोर्ट और अनिल कुमार बनाम हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर निर्भर करेंगी। यानी इन मामलों में अदालत का जो भी निर्णय आएगा, उसके अनुसार इन पदों की स्थिति तय हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा