home page

हिमाचल में फिर ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट, 6 मई तक खराब मौसम की चेतावनी

 | 
हिमाचल में फिर ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट, 6 मई तक खराब मौसम की चेतावनी


शिमला, 01 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है और आने वाले दिनों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 मई को राज्य के कई हिस्सों में मौसम ज्यादा बिगड़ सकता है, जिसके लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों और फलों को नुकसान हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 2 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। 3 मई को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में अलर्ट रहेगा। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 4 मई को भी लगभग यही स्थिति बनी रहेगी, जबकि 5 और 6 मई को कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी रहेगा।

बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। जुब्बरहट्टी में सबसे ज्यादा 34 मिमी वर्षा हुई, जबकि शिमला में 15.8 मिमी, कसौली में 11 मिमी, जट्टन बैराज में 9.4 मिमी और नाहन में 9.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान शिमला, जुब्बरहट्टी और कुफरी सहित कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि बर्फबारी कहीं दर्ज नहीं की गई।

तापमान की बात करें तो राज्य में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। कई स्थानों पर ठंड का एहसास बना हुआ है। ताबो में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। कल्पा में 5.8, मनाली में 8.1, शिमला में 12.0, सोलन में 11.7, पालमपुर में 15.0, कांगड़ा में 16.7, मंडी में 16.3 और ऊना में 18.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम के बदले तेवरों के कारण शिमला और मनाली में ठंड महसूस की जा रही है, जबकि मैदानी इलाकों में भी गर्मी का असर कम हुआ है।

फिलहाल शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है और निचले इलाकों में तेज धूप रही। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि मई के शुरुआती दिनों में मौसम फिर बिगड़ेगा।

इस साल अप्रैल महीने में भी हिमाचल में अच्छी बारिश दर्ज की गई और कुल वर्षा सामान्य से करीब 1 प्रतिशत अधिक रही। अब मई महीने में भी बादलों के बरसने का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है, जिससे एक ओर जहां गर्मी से राहत मिल सकती है, वहीं दूसरी ओर मौसम की मार किसानों और बागवानों पर भारी पड़ सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा