हिमाचल सरकार ने बदला फैसला, नैना देवी में कॉमर्स और जुखाला में साइंस-कॉमर्स संकाय रहेंगे जारी
शिमला, 30 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने बिलासपुर जिले के दो सरकारी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए पहले जारी अपने फैसले में संशोधन किया है। उच्च शिक्षा विभाग ने 2 जून 2026 को जारी अधिसूचना में बदलाव करते हुए राजकीय महाविद्यालय नैना देवी जी में कॉमर्स संकाय तथा राजकीय महाविद्यालय जुखाला में साइंस और कॉमर्स संकाय को पहले की तरह जारी रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में विभाग ने मंगलवार को संशोधित अधिसूचना जारी कर दी।
सरकार के इस फैसले से उन विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता दूर हो गई है, जो इन संकायों के बंद होने की संभावना को लेकर परेशान थे। संशोधित आदेश के अनुसार अब राजकीय महाविद्यालय नैना देवी जी में वाणिज्य संकाय की पढ़ाई पहले की तरह जारी रहेगी, जबकि राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान और वाणिज्य दोनों संकाय संचालित होते रहेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में निदेशक उच्च शिक्षा, दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्यों, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
सरकार के फैसले के बाद दोनों महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर बनी अनिश्चितता भी समाप्त हो गई है। अब विद्यार्थियों को संबंधित विषयों में प्रवेश और पढ़ाई को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने घरों के नजदीक ही विज्ञान और वाणिज्य विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता रहेगा।
इस फैसले के बाद राजनीतिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है और संकायों की बहाली को लेकर श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर दोनों महाविद्यालयों में संकाय बहाल करने के निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए अन्य क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उनके घर-द्वार के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की शिक्षा गुणवत्ता रैंकिंग में भी सुधार हुआ है और राज्य ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

