home page

हिमाचल में आग और मलबे से दो हादसे, एक महिला की मौत, छह दुकानें और मकान राख

 | 
हिमाचल में आग और मलबे से दो हादसे, एक महिला की मौत, छह दुकानें और मकान राख


शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आग से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। वहीं, चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में देर रात आग लगने से छह दुकानें और दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। दोनों घटनाओं ने प्रभावित परिवारों के सामने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

पहली घटना किन्नौर जिले के चगांव की है। यहां सत्संग भवन के समीप जंगल में लगी आग के कारण पहाड़ी से मलबा गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस थाना तपरी से मिली जानकारी के अनुसार वाहन संख्या HP 26A 2943 में हादसे के समय तीन लोग सवार थे। घटना के तुरंत बाद तीनों को उपचार के लिए जेएसडब्ल्यू अस्पताल शोल्टू पहुंचाया गया।

अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी के अनुसार चगांव निवासी संजोकि देवी (57) को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, अभिषेक कुमार (36) और वीरेंद्र सिंह (43) का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन में आग नहीं लगी थी। जंगल में लगी आग के क्षेत्र से मलबा गिरने के कारण वाहन उसकी चपेट में आया और क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

दूसरी घटना चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र संघणी की है। यहां बाजार में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में छह दुकानें और एक दो मंजिला मकान आ गया। देखते ही देखते पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर इसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी और दुकानों व मकान को भारी नुकसान हो चुका था।

इस घटना से कुछ लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ है, जबकि मकान जलने से एक परिवार के सिर से छत छिन गई है। सर्दी के मौसम में प्रभावित लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा है। टीम नुकसान का आकलन करेगी। इसके बाद राजस्व मैनुअल के प्रावधानों के अनुसार प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा।

कार्यकारी एसडीएम अनिल भारद्वाज ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत मैनुअल के तहत सहायता उपलब्ध करवाने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा