रविवार को आएगा 10वीं का परीक्षा परिणाम
धर्मशाला, 09 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं का परीक्षा परिणाम रविवार नौ मई को घोषित किया जा रहा है। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि परिणाम समय पर घोषित किया जा रहा है ,ताकि विद्यार्थी आगे की कक्षाओं में समय से प्रवेश ले सकें।
गौर हो कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश की 10वीं कक्षा की परीक्षा में करीब 95 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया है। ये छात्र राज्य के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों से परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए हिमाचल प्रदेश बोर्ड ने पूरे राज्य में करीब 2000 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए थे। इन परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की विशेष तैयारियां की गई थीं। कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 3 मार्च 2026 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थीं। परीक्षा प्रतिदिन एक ही शिफ्ट में सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चली। इस दौरान परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर उडऩदस्तों की तैनाती की गई थी। बोर्ड की ओर से नकल रोकने के लिए इस बार विशेष सख्ती बरती गई। बोर्ड मुख्यालय से ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

