home page

हिमाचल में दो डीएसपी के तबादले रद्द, एक की तैनाती बदली

 | 
हिमाचल में दो डीएसपी के तबादले रद्द, एक की तैनाती बदली


शिमला, 19 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने एचपीएस अधिकारियों के तबादलों से जुड़े 10 अगस्त के आदेश में आंशिक संशोधन किया है। नए आदेश के तहत दो पुलिस अधिकारियों के पहले किए गए तबादले रद्द कर दिए गए हैं, जबकि एक अधिकारी की तैनाती में बदलाव किया गया है। ये सभी डीएसपी व एसडीपीओ पद पर तैनात हैं। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

अधिसूचना के अनुसार 2020 बैच के एचपीएस अधिकारी गौरी दत्त के हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में डीएसपी (मुख्य सुरक्षा अधिकारी) से एसडीपीओ ठियोग के पद पर किए गए तबादले को रद्द कर दिया गया है। यह पद जिला शिमला के अंतर्गत आता है। यानी गौरी दत्त के ठियोग तबादले का पहले जारी आदेश अब प्रभावी नहीं रहेगा।

2021 बैच के एचपीएस अधिकारी नितिन चौहान वर्तमान में हमीरपुर जिला मुख्यालय में डीएसपी के पद पर हैं। उनका पहले सुंदरनगर जिला मंडी के एसडीपीओ के पद पर तबादला किया गया था। नए आदेश में इस तैनाती को बदलते हुए उन्हें हमीरपुर में ही उप पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) के पद पर तैनात किया गया है।

इसी तरह एचपीएस 2023 बैच के अधिकारी भारत भूषण के एसडीपीओ सुंदरनगर, जिला मंडी से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला में डीएसपी (मुख्य सुरक्षा अधिकारी) के पद पर किए गए तबादले को रद्द कर दिया गया है। इस तरह अधिसूचना में गौरी दत्त और भारत भूषण के तबादले रद्द किए गए हैं, जबकि नितिन चौहान की तैनाती बदली गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा