कांस्टेबल भर्ती की तैयारी अब होगी आसान, हिमाचल सरकार देगी फ्री कोचिंग और फिजिकल ट्रेनिंग
शिमला, 16 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राज्य की सुक्खू सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण, शारीरिक अभ्यास और मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री ने गुरूवार को शिमला में कहा कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) ने 9 जुलाई को हिमाचल प्रदेश पुलिस में 734 कांस्टेबल पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इसी को देखते हुए सरकार ने अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत बनाने का फैसला लिया है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी सशस्त्र पुलिस बटालियनों के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। साथ ही शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी। भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, प्रेरक सत्र और अनुभवी पुलिस अधिकारियों व पेशेवर प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अभ्यर्थी भर्ती के हर चरण के लिए तैयार हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक स्थिति या दूरदराज क्षेत्र में रहने के कारण कोई भी योग्य युवा अवसर से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम ग्रामीण, दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेगा, जहां अच्छी कोचिंग और प्रशिक्षण की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं।
उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के अधिक से अधिक स्थानीय युवा पुलिस भर्ती में भाग ले सकेंगे। इससे हिमाचल प्रदेश पुलिस को समर्पित, अनुशासित, शारीरिक रूप से सक्षम और सेवा भावना रखने वाले जवान मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशिक्षण का समय, स्थान और पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी हिमाचल प्रदेश पुलिस जल्द जारी करेगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने नजदीकी सशस्त्र पुलिस बटालियन या जिला पुलिस कार्यालय से जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

