हिमाचल कांग्रेस में पदाधिकारियों के कामकाज की होगी समीक्षा, 25 सितम्बर को बुलाई बैठक
शिमला, 21 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की 25 सितंबर को शिमला स्थित राजीव भवन में बैठक होगी। इसके अगले दिन 26 सितंबर को अग्रणी संगठनों और विभागों के राज्य प्रमुखों के साथ बैठक निर्धारित की गई है। दोनों बैठकों में संगठन के कामकाज की समीक्षा होगी और पदाधिकारियों की सक्रियता पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी भी बैठकों में मौजूद रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सोमवार को कहा कि 25 सितंबर की बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के अब तक के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में यह भी देखा जाएगा कि पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारियों को किस स्तर तक पूरा किया गया है। पदाधिकारियों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला और ब्लॉक स्तर की बैठकों में उपस्थिति की भी समीक्षा होगी।
विनय कुमार ने कहा कि जो पदाधिकारी लगातार प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला या ब्लॉक स्तर की बैठकों से अनुपस्थित रहे हैं, उनसे इसका जवाब मांगा जाएगा।
पार्टी की ओर से संगठन के कामकाज को लेकर यह समीक्षा ऐसे समय की जा रही है, जब प्रदेश कांग्रेस आगामी गतिविधियों और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी में जुटी है।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने सभी पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ अग्रणी संगठनों एवं विभागों के राज्य प्रमुखों से बैठक में पूरी तैयारी के साथ पहुंचने को कहा है।
उन्होंने सभी से उन्हें सौंपे गए प्रभार और कार्यों के निष्पादन से संबंधित दस्तावेज साथ लाने को कहा है। जिंटा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विनोद जिंटा ने कहा कि जो भी पदाधिकारी बैठक में अनुपस्थित पाया जाता है, उसके खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस तरह 25 और 26 सितंबर को होने वाली बैठकों में संगठन के कामकाज, पदाधिकारियों की सक्रियता और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों की प्रगति पर विशेष चर्चा होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

