home page

हिमाचल कांग्रेस की 4 जुलाई को आम सभा, 2 दिन तक चलेगी संगठन की मैराथन बैठकें

 | 

शिमला, 02 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की आम सभा 4 जुलाई को सुबह 10:30 बजे शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार करेंगे। इस दौरान प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

आम सभा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, कांग्रेस विधायक, पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुके पार्टी प्रत्याशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, जिला और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ अग्रणी संगठनों और विभिन्न विभागों के राज्य प्रमुख भी शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने बताया कि आम सभा के बाद प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल 4 जुलाई को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगी। इन बैठकों में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को भी राजीव भवन में अलग-अलग संगठनों और विभागों की राज्य कार्यकारिणियों के साथ बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। सुबह 10:30 बजे महिला कांग्रेस, 11:30 बजे किसान कांग्रेस और दोपहर 12:30 बजे सेवादल की राज्य कार्यकारिणी के साथ बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक एनएसयूआई, 3 बजे से 4 बजे तक युवा कांग्रेस, 4 बजे से 5 बजे तक अनुसूचित जाति विभाग और शाम 5 बजे से 6 बजे तक प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की राज्य कार्यकारिणी के साथ रजनी पाटिल बैठक करेंगी।

विनोद जिंटा ने कहा कि 4 जुलाई की आम सभा में पार्टी के सभी नेताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों और नेताओं को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा