home page

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच मुख्यमंत्री सुक्खू मंगलवार को मंत्रिमंडल के साथ शिमला के राम मंदिर में करेंगे पूजा

 | 
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच मुख्यमंत्री सुक्खू मंगलवार को मंत्रिमंडल के साथ शिमला के राम मंदिर में करेंगे पूजा


शिमला, 06 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन और चोरी के मामले को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और कांग्रेस विधायकों के साथ शिमला के ऐतिहासिक राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इस धार्मिक कार्यक्रम के लिए सरकार की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम भी जारी किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 7 जुलाई की सुबह 9 बजे राम बाजार स्थित राम मंदिर पहुंचेंगे और वहां पूजा तथा प्रार्थना में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम ऐसे समय हो रहा है, जब अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन और चोरी के मामले को लेकर देश की राजनीति गर्म है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को घेर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और मुख्यमंत्री के इस धार्मिक कार्यक्रम को भी इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस आयोजन के माध्यम से भगवान राम के प्रति अपनी आस्था का संदेश देने का प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू पहले भी इस मामले पर सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भगवान राम सभी के आराध्य हैं और भगवान के नाम पर चढ़ावे या चंदे में किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी।

पिछले दो दिनों तक शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस की आम सभा आयोजित हुई। इस बैठक में अगले वर्ष के अंत में प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले के मुद्दे को पार्टी प्रमुखता से उठाएगी और इसके विरोध में आंदोलन भी करेगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू पहले भी भगवान राम से जुड़े आयोजनों में अपनी आस्था सार्वजनिक रूप से व्यक्त कर चुके हैं। 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। उस दिन मुख्यमंत्री ने शिमला के राम मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की थी और प्रदेश के लोगों से अपने घरों में दीप जलाकर इस अवसर को मनाने की अपील भी की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा