home page

हिमाचल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का शेड्यूल जारी, 10 अगस्त से होगा पंजीकरण

 | 

शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस-2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। स्कूली विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 10 अगस्त से शुरू होंगे और 25 अगस्त तक चलेंगे। राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का आयोजन 12 से 14 नवंबर तक किया जाएगा। इस वर्ष भी प्रतियोगिताएं प्रदेश के दो जोन में आयोजित होंगी, जिनमें हजारों विद्यार्थी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

इस कार्यक्रम की रूपरेखा पर्यावरण, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और हिमकोस्टे की संयुक्त बैठक में तय की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त सदस्य सचिव डॉ. सुरेश सी. अत्री ने की।

इस वर्ष चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का मुख्य विषय सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार रखा गया है। इसके तहत विज्ञान प्रश्नोत्तरी, गणित ओलंपियाड, विज्ञान मॉडल, साइंस एक्टिविटी कॉर्नर, वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट और विज्ञान नाटक सहित छह प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिताओं के लिए प्रदेश को दो जोन में बांटा गया है। पहले जोन में बिलासपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले शामिल हैं। दूसरे जोन में हमीरपुर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा और ऊना जिले रखे गए हैं।

विज्ञान प्रश्नोत्तरी और गणित ओलंपियाड तीन आयु वर्गों में होंगे। विज्ञान मॉडल और साइंस एक्टिविटी कॉर्नर जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित किए जाएंगे। विज्ञान नाटक प्रतियोगिता केवल कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए होगी। प्रत्येक जिले की सर्वश्रेष्ठ टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। विज्ञान नाटक में जैव विविधता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषय भी शामिल किए जाएंगे।

राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के दौरान स्पॉट निबंध लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसके साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट तैयार करने पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला, विशेषज्ञों के व्याख्यान और हैंड्स-ऑन डेमो भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा