home page

हिमाचल के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में पांच रंगों की होगी यूनिफॉर्म, 2027-28 से लागू होगी नई व्यवस्था

 | 

शिमला, 26 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म अब तय रंग और मूल डिजाइन के अनुसार होगी। शिक्षा विभाग ने नई यूनिफॉर्म को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नई यूनिफॉर्म शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू होगी। इसमें हल्का हरा, फॉरेस्ट ग्रीन, चारकोल ग्रे, सफेद और काला रंग प्रमुख होंगे। विभाग ने यूनिफॉर्म को विद्यार्थियों की उम्र, कक्षा और हिमाचल की भौगोलिक एवं मौसम संबंधी परिस्थितियों के अनुसार तय किया है।

नई व्यवस्था में यूनिफॉर्म को चार श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें बालवाटिका, कक्षा 1 से 5, कक्षा 6 से 12 और सभी कक्षाओं के लिए खेल यूनिफॉर्म शामिल है। बालवाटिका के विद्यार्थियों के लिए गर्मियों में हल्के हरे रंग की पोलो टी-शर्ट, चारकोल ग्रे शॉर्ट्स, फॉरेस्ट ग्रीन पट्टियों वाले सफेद मोजे और काले जूते होंगे। सर्दियों में चारकोल ग्रे पतलून तथा फॉरेस्ट ग्रीन स्वेटर या ब्लेजर निर्धारित किया गया है।

कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए गर्मियों में हल्की हरी शर्ट, चारकोल ग्रे पतलून या स्कर्ट, फॉरेस्ट ग्रीन टाई, काली बेल्ट, निर्धारित मोजे और काले जूते होंगे। सर्दियों में फॉरेस्ट ग्रीन स्वेटर या ब्लेजर के साथ चारकोल ग्रे पतलून निर्धारित है। कक्षा 6 से 12 तक छात्रों के लिए हल्की हरी शर्ट, चारकोल ग्रे पतलून और फॉरेस्ट ग्रीन टाई होगी। सर्दियों में फॉरेस्ट ग्रीन ब्लेजर या स्वेटर पहना जाएगा।

कक्षा 6 से 12 तक छात्राओं के लिए हल्की हरी कमीज या शर्ट के साथ फॉरेस्ट ग्रीन सलवार और दुपट्टा अथवा चारकोल ग्रे पतलून का विकल्प दिया गया है। सर्दियों में फॉरेस्ट ग्रीन ब्लेजर या स्वेटर होगा। कक्षा 6 से 12 तक छात्राओं के लिए स्कर्ट निर्धारित नहीं की गई है।

हिमाचल के ठंडे और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विद्यार्थियों को मौसम से बचाव के लिए अतिरिक्त गर्म कपड़े पहनने की अनुमति होगी। इन्हें निर्धारित रंग योजना के अनुरूप रखना होगा। सर्दियों के लिए फॉरेस्ट ग्रीन स्कूल या ऊनी टोपी, निर्धारित पट्टियों वाला फॉरेस्ट ग्रीन स्कार्फ और फॉरेस्ट ग्रीन दस्ताने का प्रावधान किया गया है।

सभी कक्षाओं के लिए खेल यूनिफॉर्म एक जैसी होगी। इसमें सफेद या हल्के हरे रंग की खेल टी-शर्ट, फॉरेस्ट ग्रीन ट्रैक सूट और उपयुक्त खेल जूते शामिल होंगे। इसका इस्तेमाल शारीरिक शिक्षा की कक्षाओं, खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में होगा।

विभाग ने विद्यार्थियों की साज-सज्जा को लेकर भी निर्देश दिए हैं। यूनिफॉर्म साफ-सुथरी रखने को कहा गया है। छात्राओं के बालों के लिए फॉरेस्ट ग्रीन रिबन, हेयरबैंड और निर्धारित हेयर स्टाइल का प्रावधान है। बड़े आकार के या बहुत अधिक आकर्षक झुमके और आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। विशेष अवसरों पर स्कूल प्रशासन की अनुमति इसका अपवाद हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा