home page

परीक्षा के 48 घंटे के भीतर जारी होगी बहुविकल्पीय प्रश्नों की उत्तर कुंजी : डॉ राजेश शर्मा

 | 
परीक्षा के 48 घंटे के भीतर जारी होगी बहुविकल्पीय प्रश्नों की उत्तर कुंजी : डॉ राजेश शर्मा


धर्मशाला, 05 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने घोषणा की है कि मार्च 2026 में आयोजित की जा रही मैट्रिक और जमा दो की परीक्षाओं में पूछे गए बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) की उत्तर कुंजी परीक्षा संपन्न होने के मात्र 48 घंटे के भीतर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी जाएगी। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को उत्तरों की शुद्धता जांचने का तत्काल अवसर प्रदान करना है।

बोर्ड ने उत्तर कुंजी में सुधार के लिए भी एक पारदर्शी प्रक्रिया तय की है। यदि किसी परीक्षार्थी, शिक्षक या अन्य व्यक्ति को जारी की गई उत्तर कुंजी में कोई त्रुटि नजर आती है, तो वे आगामी 5 अप्रैल 2026 तक अपनी आपत्ति लिखित रूप में बोर्ड कार्यालय की ईमेल आईडी hpbosesopapersetting.43@gmail.com पर भेज सकते हैं। प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा गहन समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार संशोधन के बाद ही परिणाम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

2 अप्रैल से 17 अप्रैल तक होगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं

वहीं स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रतिकूल भौगोलिक परिस्थितियों और व्यावसायिक प्रशिक्षकों की 'ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग' के कारण फरवरी में अधूरी रही प्रायोगिक परीक्षाओं के शेड्यूल को भी पुननिर्धारित किया गया है। अब कक्षा 10वीं और 12वीं (नियमित) के व्यावसायिक विषयों का प्रायोगिक मूल्यांकन 2 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। स्कूल अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार इस मूल्यांकन को ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से संपन्न करा सकेंगे।

बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान किसी कारणवश प्रैक्टिकल परीक्षाओं में सम्मिलित नहीं हो पाए थे, उन्हें इस पुननिर्धारित अवधि में एक और अवसर दिया जाएगा। बोर्ड का लक्ष्य परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से छात्र-हितैषी और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया