home page

भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज संसद की रक्षा समिति के सदस्य नियुक्त

 | 
भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज संसद की रक्षा समिति के सदस्य नियुक्त


शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज को संसद की महत्वपूर्ण रक्षा समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। लोकसभा की समिति शाखा की ओर से जारी सूची के अनुसार उनकी नियुक्ति 26 सितंबर 2026 से प्रभावी है। इस समिति में सदस्य के रूप में अब राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा व्यवस्था और सशस्त्र बलों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हिमाचल प्रदेश की भी भागीदारी रहेगी।

जारी सूची के अनुसार संसद की रक्षा समिति में लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य शामिल किए गए हैं। लोकसभा सांसद राधा मोहन सिंह को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रक्षा समिति संसद की उन महत्वपूर्ण समितियों में शामिल है, जहां रक्षा क्षेत्र से जुड़े विषयों पर संसदीय स्तर पर विचार-विमर्श और अध्ययन किया जाता है।

डॉ. राजीव भारद्वाज ने रक्षा समिति का सदस्य बनाए जाने को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, रक्षा व्यवस्था और सशस्त्र बलों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर समिति के माध्यम से कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव और जिम्मेदारी का विषय है।

उन्होंने कहा कि वह समिति के सदस्य के रूप में अपने दायित्व का पूरी निष्ठा, गंभीरता और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक और सार्थक योगदान देने का उनका प्रयास रहेगा।

डॉ. भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। रक्षा समिति के सदस्य के रूप में उन्हें रक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों के अध्ययन, विचार-विमर्श और सुझाव देने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। रक्षा समिति में उनकी नियुक्ति से राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़े संसदीय कार्यों में हिमाचल की भागीदारी भी दर्ज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा