home page

श्रीकांत शर्मा फिर हिमाचल भाजपा प्रभारी, दर्शना सिंह सह-प्रभारी

 | 
श्रीकांत शर्मा फिर हिमाचल भाजपा प्रभारी, दर्शना सिंह सह-प्रभारी


शिमला, 23 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने हिमाचल प्रदेश के संगठनात्मक प्रभार में श्रीकांत शर्मा की जिम्मेदारी बरकरार रखी है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को हिमाचल भाजपा का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। श्रीकांत शर्मा मथुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं। वे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय मीडिया से जुड़े दायित्व भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वे हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रभारी रहे थे। इस चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें जीती थीं।

दर्शना सिंह को हिमाचल का नया सह-प्रभारी बनाया गया

दर्शना सिंह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उनका पहला राज्यसभा कार्यकाल 5 जुलाई 2022 से शुरू हुआ। वे स्नातकोत्तर शिक्षित हैं और भाजपा संगठन में लंबे समय से काम करती रही हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में सक्रिय राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। वे चंदौली जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष, भाजपा काशी क्षेत्र की मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रही हैं। राजनीति में आने से पहले उन्होंने आकाशवाणी और दूरदर्शन के इलाहाबाद केंद्र में काम किया था।

पच्छाद की विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर का सह-प्रभार

हिमाचल के सिरमौर जिले की पच्छाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर का सह-प्रभारी बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी और रीना कश्यप को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। रीना कश्यप पहली बार अक्टूबर 2019 में पच्छाद विधानसभा उपचुनाव में विधायक चुनी गई थीं। दिसंबर 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने फिर पच्छाद सीट जीती। उपलब्ध विधानसभा रिकॉर्ड के अनुसार वे स्नातकोत्तर शिक्षित हैं।

तीनों नेताओं को नई जिम्मेदारियों पर भाजपा ने दी बधाई

नई संगठनात्मक नियुक्तियों के बाद हिमाचल भाजपा में श्रीकांत शर्मा की प्रदेश प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी जारी रहेगी, जबकि दर्शना सिंह उनके साथ सह-प्रभारी के रूप में काम करेंगी। रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर में संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है। भाजपा हिमाचल प्रदेश ने तीनों नेताओं को नई जिम्मेदारियां मिलने पर बधाई दी है और राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा