home page

हिमाचल भाजपा ने छह प्रकोष्ठों में नए पदाधिकारी किये नियुक्त

 | 
हिमाचल भाजपा ने छह प्रकोष्ठों में नए पदाधिकारी किये नियुक्त


शिमला, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकोष्ठों में नए प्रदेश संयोजकों और सह-संयोजकों की नियुक्ति की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को इन नियुक्तियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक, खेल, देव समाज, फार्मासिस्ट, बुनकर और परिवहन जैसे प्रकोष्ठ समाज के अलग-अलग वर्गों से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को संगठन और सरकार तक पहुंचाने तथा पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

डॉ. बिंदल ने पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक लेफ्टिनेंट कमांडर अभिषेक पटियाल को बनाया है। इस प्रकोष्ठ में ब्रिगेडियर आर.के. शर्मा, कर्नल एम.एस. कटोच, कमांडर विजय जम्वाल, सूबेदार कमलेश कुमार, सूबेदार भगत सिंह वहलवाल और सूबेदार विजय भट्ट को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। खेल प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक कुलदीप राणा को बनाया गया है। मोहित सूद, आशीष ठाकुर, राकेश चौहान और राजिंदर सिंह ठाकुर उर्फ डिंपल को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। देव समाज प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक प्रेम पंडित को नियुक्त किया गया है। अभिषेक पाठा, बलदेव रांटा, महंत बालयोगी स्वतंत्र महाराज, जयगोपाल, इंद्रपुर जमदग्नि ऋषि, सुशील कालिया और आशुतोष शर्मा को सह-संयोजक बनाया गया है।

फार्मासिस्ट प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक बस्ती राम शर्मा और सह-संयोजक राकेश चंदेल को नियुक्त किया गया है। बुनकर प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक शिवचरण चौहान तथा सह-संयोजक लता कटोच को बनाया गया है। परिवहन प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक मनोज राणा को नियुक्त किया गया है। पंकज अग्रवाल, जितेंद्र कुमार, राजा ठाकुर और संतोष शुक्ला को इस प्रकोष्ठ का सह-संयोजक बनाया गया है।

नियुक्तियों की घोषणा करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन है और विभिन्न प्रकोष्ठ समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच पार्टी के जनाधार को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उनके अनुसार नए पदाधिकारी संगठन की विचारधारा और कार्यक्रमों को गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने के साथ संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा