home page

हिमाचल उपचुनाव : अपरान्ह 3 बजे तक 59 प्रतिशत मतदान दर्ज

 | 
हिमाचल उपचुनाव : अपरान्ह 3 बजे तक 59 प्रतिशत मतदान दर्ज


शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान सुचारू व शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ जो शाम 6 बजे तक चलेगा। राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार तीनों हलकों में अपरान्ह 3 बजे तक 59 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया जा चुका है। नालागढ़ में सबसे अधिक 63.7 प्रतिशत, हमीरपुर में 56.96 प्रतिशत और देहरा में 55.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

सुबह के समय मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही और शुरुआती दो घण्टों में महज 16 फीसदी मतदान रहा। पूर्वान्ह 11 बजे तक 32 फीसदी और दोपहर 1 बजे तक 48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। उपचुनावों के नतीजे 13 जुलाई को घोषित होंगे।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 2 लाख 55 हज़ार 4 सौ अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। तीनों हल्कों में 13 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। कांगड़ा और नालागढ़ में पांच-पांच जबकि हमीरपुर में तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 78095 मतदाता हैं। इसी तरह नालागढ़ में 94755 और देहरा में 86520 मतदाता हैं।

इन तीनों सीटों पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच है। देहरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर कांग्रेस प्रत्याशी और भाजपा के होशियार सिंह के बीच मुकाबला है। वहीं हमीरपुर में भाजपा के आशीष शर्मा और कांग्रेस के डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा, जबकि नालागढ़ में कांग्रेस के हरदीप सिंह बाबा और भाजपा प्रत्याशी के.एल. ठाकुर के राजनीतिक भाग्य का फैसला आज ईवीएम में बंद हो जाएगा। हमीरपुर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का गृह जिला है ऐसे में यह उपचुनाव दोनों नेताओं के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।

विधानसभा उपचुनाव के नतीजों का सतारूढ़ कांग्रेस सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि सुक्खू सरकार बहुमत में है। विधानसभा में मौजूदा समय में विधायकों की कुल संख्या 65 है। इनमें कांग्रेस के 38 और भाजपा के 27 विधायक हैं। मतदान के बाज नतीजे जो भी हों, सुक्खू सरकार के पास फिर भी बहुमत रहेगा। बता दें कि तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के कारण उपचुनाव हो रहे हैं। ये तीनों पूर्व निर्दलीय विधायक भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

समरससमरससमरस

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा / सुनील शुक्ला