हिमाचल में बेमौसम बारिश से फसलों-फलों को भारी नुकसान, केंद्र से मदद की गुहार
शिमला, 06 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम मौसम की मार का सबसे ज्यादा असर सेब की फसल पर पड़ा है। शुरुआती आकलन के अनुसार इस बार सेब की फसल को करीब 40 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। पिछले साल जहां सेब का उत्पादन अच्छा रहा था, वहीं इस बार मौसम की खराबी के कारण उत्पादन कम रहने की आशंका जताई जा रही है। सेब के अलावा अन्य फलों और गेहूं जैसी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की आय पर असर पड़ सकता है।
इस बीच प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश लगातार प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र ने राज्य को मिलने वाली आर्थिक सहायता में कटौती की है और कुछ मदों को बंद भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने स्तर पर काम कर रही है, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र से मदद मिलनी जरूरी है। उन्होंने केंद्र से अपील की कि बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए विशेष सहायता दी जाए।
वहीं हिमाचल में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। इन चुनावों को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। रोहित ठाकुर ने दावा किया कि इन चुनावों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और पार्टी बढ़त बनाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़े जाएंगे, जबकि अन्य निकायों के चुनाव गैर-दलीय आधार पर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने जिला परिषद चुनावों के लिए पहले ही उम्मीदवारों की सूची जारी कर नई परंपरा शुरू की है।
शिक्षा के मुद्दे पर बात करते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में छात्रों की संख्या बहुत कम है, उन्हें बंद करने का प्रस्ताव सरकार के पास है और इस पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लेंगे।
उन्होंने हाल ही में घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम पर संतोष जताते हुए कहा कि इस बार सरकारी स्कूलों के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जो शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

