home page

सेना प्रशिक्षण कमान ने कारगिल विजय दिवस पर ऑपरेशन विजय के शहीदों को श्रद्धांजलि दी

 | 
सेना प्रशिक्षण कमान ने कारगिल विजय दिवस पर ऑपरेशन विजय के शहीदों को श्रद्धांजलि दी


शिमला, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर मुख्यालय सेना प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी) ने ऑपरेशन विजय के दौरान देश की संप्रभुता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिमला के अन्नाडेल स्थित श्रद्धांजलि स्थल पर आयोजित समारोह में सेना प्रशिक्षण कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने सभी रैंकों की ओर से शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान 'लास्ट पोस्ट' की धुन के बीच दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों को नमन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों ने दुर्गम और बर्फीली चोटियों पर बेहद कठिन परिस्थितियों में असाधारण साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्य के प्रति निस्वार्थ समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों की विरासत आज भी भारतीय सेना के लिए प्रेरणा का स्रोत है और देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता की रक्षा के प्रति सेना की प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत करती है।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आर्मी कमांडर ने अन्नाडेल स्थित आर्मी हेरिटेज म्यूजियम का भी दौरा किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित सैन्य धरोहर, युद्ध से जुड़े स्मृति चिह्नों और ऐतिहासिक अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सैन्य इतिहास और वीरता से जुड़ी धरोहर को संरक्षित रखने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास और देशभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहेगी।

दिनभर चले कार्यक्रमों का समापन मुख्यालय सेना प्रशिक्षण कमान के सभी रैंकों द्वारा देशभक्ति, साहस और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों का पालन करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर यह भी दोहराया गया कि कारगिल युद्ध के वीरों का सर्वोच्च बलिदान देश की सामूहिक स्मृति में हमेशा अमिट रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा