home page

हिमाचल में 14 प्रधानाचार्यों की उपनिदेशक शिक्षा के पद पर प्लेसमैंट, आदेश जारी

 | 

शिमला, 31 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 प्रधानाचार्यों (स्कूल संवर्ग) को उपनिदेशक शिक्षा (डीडीई) के पद पर प्लेसमेंट दी है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि तय समय के भीतर कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी की प्लेसमेंट स्वत: निरस्त मानी जाएगी और वरिष्ठता सूची में अगले पात्र अधिकारी को यह अवसर दिया जाएगा।

शिक्षा सचिव राकेश कंवर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार उपमा शर्मा को डीडीई क्वालिटी चंबा, विजय कुमार और अनिल कुमार (धंगोटा) को डीडीई (मुख्यालय) शिमला, ओंकार सिंह को डीडीई (प्रारंभिक) किन्नौर, कृष्ण देव को डिप्टी डायरेक्टर उच्च शिक्षा कुल्लू, सुरेश कुमार को डीडीई क्वालिटी लाहौल-स्पीति, नीरज गर्ग को डीडीई क्वालिटी ऊना, मनोहर लाल को डीडीई (प्रारंभिक) चंबा, सीमा धीमान को परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी सेल, ज्ञान चंद को डीडीई क्वालिटी कुल्लू, नवनीत ठाकुर को डीडीई सेकेंडरी लाहौल-स्पीति, अनीता शर्मा को डीडीई क्वालिटी सिरमौर, मदन लाल को डीडीई सेकेंडरी सिरमौर और अनिल कुमार (जसूर) को डीडीई क्वालिटी शिमला में तैनात किया गया है।

आदेशों में कहा गया है कि सभी अधिकारी वर्तमान में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अधिकारियों से कार्यभार लेकर तुरंत अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। वित्त विभाग के 24 मई, 2023 के निर्देशों का हवाला देते हुए सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अधिकारी को कार्यभार ग्रहण करने के लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। यदि कोई अधिकारी निर्धारित अवधि में नई जिम्मेदारी नहीं संभालता है तो उसका प्लेसमेंट स्वत: रद्द माना जाएगा और उसके स्थान पर वरिष्ठता सूची के अगले पात्र अधिकारी को नियुक्त किया जाएगा।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी प्लेसमेंट सुप्रीम कोर्ट में लंबित विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) (सिविल) संख्या 26276/2024, लेखराज एवं अन्य बनाम हिमाचल प्रदेश सरकार एवं अन्य के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगे। न्यायालय के अंतिम फैसले के अनुसार इन आदेशों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा