home page

हिमाचल में होली की धूम, राज्यपाल-मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने खेली होली

 | 
हिमाचल में होली की धूम, राज्यपाल-मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने खेली होली


शिमला, 04 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रंगों का त्योहार होली बुधवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई शहरों में सुबह से ही रंग-गुलाल उड़ता नजर आया। लोगों ने संगीत और डीजे की धुनों पर नाचते-गाते एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। राजनीतिक गलियारों में भी होली का रंग साफ दिखाई दिया, जहां राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर होली मिलन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला स्थित लोकभवन में होली मिलन समारोह आयोजित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी धर्मपत्नी एवं देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर के साथ राज्यपाल को शुभकामनाएं देने पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का पर्व है और इसे मिल-जुलकर मनाया जाना चाहिए।

लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक उत्साह और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू के सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में भी होली का जश्न धूमधाम से मनाया गया। यहां मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री को रंग लगाकर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भी सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और उनके जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि होली ऐसा पर्व है जो जाति और पंथ की दीवारों को तोड़कर लोगों को जोड़ता है।

उधर, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने भी अपने सरकारी आवास पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। इस दौरान उन्होंने गुलाल लगाया और पारंपरिक नाटी नृत्य में भी हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा