home page

होल्ला मोहल्ला के 342वें पावन आयोजन को लेकर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब तैयार

 | 

नाहन, 26 फ़रवरी (हि.स.)। होल्ला मोहल्ला के 342वें पावन आयोजन को लेकर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब पूरी तरह तैयार है। गुरुद्वारा परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य सजावट से दुल्हन की तरह संवारा गया है। देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना के बीच इस बार सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई है।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मैनेजर जागीर सिंह और प्रधान हरभजन सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतज़ाम किए गए हैं। पूरे परिसर में हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। इसके अलावा पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालु खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें।

उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में भीड़ के दौरान चोरी और अव्यवस्था की कुछ घटनाएं सामने आई थीं। इन्हीं अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से आने वाले संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के ठहरने, लंगर और अन्य सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

कार्यक्रमों की श्रृंखला 28 फरवरी से शुरू होकर 3 मार्च तक चलेगी। 2 मार्च को भव्य नगर कीर्तन श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं 3 मार्च को खुले पंडाल में विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से प्रसिद्ध कवि अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर